मिग्सन ट्विंस की लिफ्ट में आधे घंटे तक फंसे 8 लोग

नवभारतटाइम्स.कॉम•
8 people trapped in migson twins lift questions raised on safety
nNBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

सेक्टर ईटा-2 स्थित मिग्सन ट्विंस सोसायटी में सोमवार रात लिफ्ट में फंसने से 7 से 8 लोगों की जान सांसत में पड़ गई। ये लोग करीब आधे घंटे से अधिक समय तक लिफ्ट में फंसे रहे। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया। घटना के बाद सोसायटी की लिफ्टों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। निवासियों का आरोप है कि नियमित मेंटिनेंस चार्ज देने के बावजूद लिफ्टों की स्थिति खराब है और वे चलते-चलते अचानक बंद हो जाती हैं।
निवासियों के अनुसार, लिफ्ट में लोगों के फंसने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लोगों का कहना है कि बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट रोजमर्रा की जरूरत है। ऐसे में तकनीकी खामी के कारण लोगों का अंदर फंसना गंभीर चिंता का विषय है। निवासी सुमित कुमार ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान मेंटिनेंस टीम की ओर से समय पर मदद नहीं मिली। उन्होंने लिफ्टों की नियमित जांच और आपातकालीन सहायता व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। सोसायटी के एओए सचिव राजुल अग्रवाल ने बताया कि घटना के बाद मेंटिनेंस विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रहा है। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए जरूरी उपकरणों को दुरुस्त करने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। मेंटिनेंस मैनेजर कुलदीप कुमार ने बताया कि घटना रात करीब 9 से 10 बजे के बीच हुई थी। लिफ्ट में फंसे लोगों में चार से पांच कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, लिफ्ट के अंदर उपकरणों के साथ छेड़छाड़ किए जाने की आशंका है, जिससे लिफ्ट रुक गई होगी।

इसकी पुष्टि के लिए सीसीटीवी फुटेज निकलवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि तकनीकी टीम को बुलाकर सोसायटी की सभी लिफ्टों का निरीक्षण कराया जा रहा है। सेंसर समेत अन्य उपकरणों की जांच और जरूरत के अनुसार उन्हें अपडेट किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

रेकमेंडेड खबरें