Businessmans Death Shraddha Dubey Sister And Friend Fled To Nepal Seen In Cctv Footage
ठिकाने बदल रहे तीनों आरोपित, नेपाल में CCTV फुटेज में दिखे
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : कारोबारी शिवा की मौत के मामले में श्रद्धा दुबे , उसकी बहन रश्मि और दोस्त आदिल पुलिस को लगातार चकमा दे रहे हैं। तीनों के नेपाल पहुंचने की जानकारी मिली है। पुलिस ने बहराइच के रुपईडीहा स्थित भारत-नेपाल सीमा के पास एक पार्किंग से श्रद्धा की स्कॉर्पियो बरामद की। नेपाल के महीम नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीनों नजर आए हैं। हजरतगंज पुलिस ने काठमांडू पुलिस से संपर्क कर तलाश तेज कर दी है। लखनऊ पुलिस की एक टीम ने रायबरेली में श्रद्धा दुबे के रामजीपुरम स्थित आवास पर छापा मारा। श्रद्धा की सौतेली मां ने उससे किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया है। दूसरी ओर श्रद्धा का बुधवार रात एक विडियो सोशल मीडिया में आया है। इसमें उसने कहाकि वह पुलिस से घटना के बारे बताना चाहती है। श्रद्धा के मुताबिक शिवा ने आत्महत्या की है। कहा कि मेरा नाम नेताओं, कई अफसरों के साथ जोड़ा जा रहा है, जबकि मेरा किसी से कोई कनेक्शन नहीं है।
कपूरथला निवासी रंजना का बेटा शिवा अवध ग्रीन अपार्टमेंट में श्रद्धा के साथ लिव-इन में रहता था। 9 अक्टूबर की शाम 6:45 बजे फ्लैट से गिरकर उसकी मौत हो गई थी। शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, वाहन चालक, दोस्त आदिल और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान सबसे पहले तीनों की लोकेशन सीतापुर में मिली थी। इसके बाद उनकी लोकेशन लखीमपुर में मिली, लेकिन इस बार भी पुलिस उन्हें पकड़ नहीं सकी। वहां से तीनों रुपईडीहा पहुंचे। पुलिस ने पीछा किया तो भारत-नेपाल सीमा के पास एक निजी पार्किंग में श्रद्धा की स्कॉर्पियो खड़ी मिली। आशंका है कि वाहन छोड़कर तीनों पैदल नेपाल में दाखिल हुए और फिर बस से आगे बढ़े।