Lucknow 8 year old Child Dies Tragically Under Tractor Wheel Sister Injured
ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आया आठ साल का मासूम, मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : जानकीपुरम में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में आठ साल के मासूम रौनक उर्फ कृष्णा की जान चली गई। वह अपनी तीन बहनों के साथ पिता की दुकान के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बैक कर रहे ट्रैक्टर के पिछले पहिए के नीचे आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी बहन अनु भी चोटिल हो गई। दोनों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रौनक को मृत घोषित कर दिया। अनु को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक पर नशे में होने का आरोप लगाया है।
बक्शी का तालाब के झालउवा गांव निवासी रामू जानकीपुरम के सेक्टर-7 में कपड़ा प्रेस करने की दुकान चलाते हैं।वह पत्नी गुड्डी, तीन बेटियों राधिका, अनु और मन्नू तथा बेटे रौनक के साथ रहते हैं। रौनक निजी स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। मंगलवार को वह पड़ोसी के साथ पिता की दुकान पर आया था। शाम को चारों बच्चे दुकान के बाहर खेल रहे थे। तभी ट्रैक्टर चालक ने वाहन पीछे किया और रौनक उसकी चपेट में आ गया। चालक के ट्रैक्टर आगे बढ़ाने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पास में खड़ी अनु को भी चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर रुकवाकर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर विनोद तिवारी ने बताया कि आरोपित चालक अमरेश बाराबंकी का निवासी है और नगर निगम का ट्रैक्टर चलाता है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।