Lucknow University To Provide Access To Library Lab And Sports Complex With A Single Id Card
लाइब्रेरी, रीडिंग हॉल, कंप्यूटर लैब...सबके लिए एक ID कार्ड
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय में अब विद्यार्थियों को लाइब्रेरी, रीडिंग हॉल, कंप्यूटर लैब और खेल परिसर जैसी सुविधाओं के इस्तेमाल के लिए अलग-अलग पहचान पत्र रखने की जरूरत नहीं होगी। विश्वविद्यालय की योजना डिजिटल आईडी कार्ड को छात्र सुविधाओं से जोड़ने की है। क्यूआर कोड आधारित इस कार्ड को मोबाइल पर दिखाकर या स्कैन कराकर विद्यार्थी सुविधाओं का तुरंत एक्सेस प्राप्त कर सकेंगे। इसमें केंद्रीय टैगोर लाइब्रेरी, रीडिंग हॉल, कंप्यूटर लैब, छात्रावास और खेल परिसर शामिल हैं।
विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले 21,268 विद्यार्थियों के आधिकारिक पहचान पत्र भारत सरकार के डिजिलॉकर प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इतने बड़े स्तर पर यह पहल करने वाला लखनऊ विश्वविद्यालय देश का पहला राज्य विश्वविद्यालय बन गया है। इस डिजिटल व्यवस्था में स्नातक, परास्नातक, पीएचडी, डिप्लोमा और शास्त्री पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।ऐसे देख सकते हैं डिजिटल आईडी कार्ड: सभी पंजीकृत विद्यार्थी डिजिलॉकर में लॉगिन कर अपनी प्रोफाइल फोटो के नीचे दिए गए ‘जनरेट वीकार्ड’ विकल्प पर क्लिक करके डिजिटल आईडी कार्ड देख और डाउनलोड कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य डिजिटल पहचान पत्र को छात्र सुविधाओं के साथ एकीकृत कर प्रवेश प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाना है।