Action On Pollution Should Be Visible Before Grap Implementation Minister Narbir
ग्रैप लागू होने से पहले प्रदूषण पर कार्रवाई दिखनी चाहिए : नरबीर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) लागू होने से पहले ही प्रदूषण नियंत्रण के लिए उठाए जा रहे कदम जमीन पर दिखने चाहिए। इसके लिए गुड़गांव समेत पूरे एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की नियमित निगरानी की जाएगी। हरियाणा के वन व पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) के अधिकारियों के साथ बैठक कर ये निर्देश दिए।बैठक में गुड़गांव, रेवाड़ी, नूंह और महेंद्रगढ़ जिलों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। राव नरबीर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए उठाए जा रहे कदमों की नियमित जांच की जाए। एचएसपीसीबी के अधिकारी हर सप्ताह इसकी रिपोर्ट देंगे। रिपोर्ट के आधार पर जहां कमी मिलेगी वहां सुधार के निर्देश दिए जाएंगे। नगर निगम और जीएमडीए को भी जरूरी कदम उठाने के लिए कहा जाएगा। उन्होंने एनसीआर के जिलों में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों की पहचान कर समय पर कार्रवाई की जा सके।