Greater Noida Milk Trader Dies Tragic Death In Fierce Collision Between Tractor trolley And Car
ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की भिड़ंत, बीच में फंसा दूध कारोबारी, मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
दनकौर कोतवाली क्षेत्र में गंग नहर के पास बांजरपुर गांव के नजदीक बुधवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली और क्रेटा कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दौरान वहां से गुजर रहा बाइक सवार दूध कारोबारी दोनों वाहनों के बीच आ गया। गंभीर रूप से घायल कारोबारी की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में कार और ट्रैक्टर में सवार लोगों को भी चोटें आई हैं।जानकारी के मुताबिक, बुलंदशहर जिले के हिरनोटी गांव निवासी लोकेश (36) दूध बेचने का काम करते थे। बुधवार रात ग्रेटर नोएडा में दूध की सप्लाई करने के बाद वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गंग नहर के पास बांजरपुर गांव के नजदीक ट्रैक्टर-ट्रॉली और क्रेटा कार की टक्कर हो गई। हादसे में तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और लोकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात डॉक्टरों ने लोकेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दनकौर पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम तक परिजनों की ओर से शिकायत नहीं मिली थी। शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।