Encounter With Smugglers Carrying Cattle In Suv History sheeter Killed
SUV में पशु ले जा रहे थे तस्कर, मुठभेड़ में ढेर हो गया हिस्ट्रीशीटर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, सोहना
एसयूवी में पशु लेकर जा रहे तस्करों की गुरुवार सुबह सीआईए नूंह की टीम के साथ मुठभेड़ हो गई। इसमें गोली लगने से 27 साल के बदमाश साजिद की मौत हो गई। उस पर 40 से ज्यादा केस दर्ज थे। एनकाउंटर सोहना-पलवल रोड पर सिलानी मोड़ के पास हुआ। साजिद उर्फ आडवानी नूंह खरखड़ी का रहने वाला था। वहीं, उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह चार बजे की है। सीआईए नूंह की टीम को गोतस्करी के आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया। आरोपी थार गाड़ी में दो गायों को लेकर जा रहे थे। सिलानी मोड़ के पास पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान साजिद उर्फ आडवानी को गोली लग गई। पुलिस टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बची। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन दोनों आरोपियों का पता नहीं चला। सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों की जांच की। गाड़ी में मौजूद गायों की स्थिति और उनकी जांच के लिए पशु चिकित्सक को भी मौके पर बुलाया गया।