बीमा सुधार 1 जनवरी या 1 अप्रैल से लागू हो सकते हैं

नवभारतटाइम्स.कॉम•
insurance reforms may be implemented from january 1 or april 1 irdai chairman provides information
nNBT रिपोर्ट, मुंबई: बीमा विनियामक (Irdai) के चेयरमैन अजय सेठ ने गुरुवार को कहा कि बीमा डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े नए सुधारों को 1 जनवरी या 1 अप्रैल से लागू किया जा सकता है। अंतिम तारीख उद्योग जगत से मिलने वाले सुझावों और चर्चा के आधार पर तय होगी। उन्होंने साफ किया कि कमीशन में कटौती या बदलाव चरणबद्ध तरीके से किए जा सकते हैं।

उन्होंने साफ किया कि बीमा डिस्ट्रीब्यूशन ढांचे में प्रस्तावित बदलावों का मकसद मौजूदा कारोबार में खलल डालना या नौकरियां छीनना बिल्कुल नहीं है। कंसल्टेशन पेपर की वजह से नौकरियां जाने की आशंकाओं के बीच इरडा के चेयरमैन अजय सेठ ने ऐसी चिंताओं को बेबुनियाद बताया और कहा कि विनियामक के दिमाग में ऐसा कोई उद्देश्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि मकसद कार्यक्षमता को सुधारना है। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि मौजूदा ढांचे से नए ढांचे में बदलाव के दौरान किसी भी बीमा कंपनी, डिस्ट्रीब्यूटर या उनके कर्मचारियों पर कोई बुरा असर न पड़े। मुंबई में 'संवाद इंडिया ओपन फाइनैंस समिट 2026' के इतर बात करते हुए सेठ ने कहा, ऐसे पर्याप्त प्रावधान और सुझाव मौजूद हैं जिनसे बीमा सेक्टर के भीतर और यहां तक कि उसके बाहर भी अधिक व्यावसायिक अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि कंसल्टेशन का एक और दौर होगा, जिसमें ड्राफ्ट रेगुलेशन जारी किए जाएंगे।