रामलीला में राम वनवास का मंचन देख भावुक हुए दर्शक

नवभारतटाइम्स.कॉम•
ram vanvas staged in ramlila audiences moved to tears
n NBT न्यूज, गुड़गांव

शहर में हो रहीं रामलीलाओं में राम वनवास के प्रसंग का मंचन किया गया। न्यू कॉलोनी के दशहरा ग्राउंड में गीता भवन की श्री सनातन धर्मसभा की रामलीला में दशरथ दरबार का दृश्य दिखाया गया। दशरथ ने गुरु वशिष्ठ से श्रीराम को राजपाट सौंपने की इच्छा जताई। इस पर मंथरा ने कैकई को भड़का दिया। कैकई कोपभवन में चली गईं। दशरथ से उन्होंने अपने दो पुराने वरदान मांगे। पहले में भरत को अयोध्या की राजगद्दी और दूसरे में राम को 14 वर्ष का वनवास देने की मांग की। राम ने पिता के वचन की मर्यादा रखने के लिए वन जाने का निर्णय लिया। सीता और लक्ष्मण भी उनके साथ वन जाने के लिए तैयार हो गए। लीला में केवट और श्रीराम के संवाद का भी मंचन हुआ। वहीं, श्री गुरुद्रोणाचार्य रामलीला क्लब की लीला में दशरथ और कैकई के कोपभवन संवाद का मंचन हुआ। कैकई की भरत को राजगद्दी और श्रीराम को 14 वर्ष का वनवास देने की मांग सुन दशरथ निढाल होकर गिर पड़े।