Rent Due Patel Nagar Uphc Locked Health Services In Crisis
लंबे समय से किराये का भुगतान नहीं, UPHC पर लगेगा ताला!
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव : पटेल नगर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) में लंबे समय से किराया नहीं मिलने पर मकान मालिक ने सुबह गुरुवार को गेट पर ताला लगा दिया। स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी अंदर नहीं जा सके और उन्हें बाहर खड़े रहना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और मकान मालिक के बीच बातचीत के बाद ताला खुलवाया गया। मकान मालिक ने विभाग को किराया जमा कराने के लिए 10 दिन का समय दिया है। निर्धारित अवधि में किराया नहीं मिलने पर दोबारा ताला लगाने की चेतावनी दी गई है। UPHC पटेल नगर किराये के भवन में संचालित है। मकान मालिक का आरोप है कि लंबे समय से किराये का भुगतान नहीं किया गया है। इसी वजह से केंद्र के गेट पर ताला लगा दिया। ताला लगने के कारण स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भवन के अंदर नहीं जा पाए। इससे केंद्र में कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बन गई।