प्लॉट दिलाने के नाम पर महिला से 4.60 लाख रुपये ऐंठे

नवभारतटाइम्स.कॉम•
faridabad rs 460 lakh fraudulent case registered against woman for plot allotment
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

बल्लभगढ़ में प्लॉट दिलाने के नाम पर एक महिला और उसके पति से 4.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर थाना सेक्टर-58 पुलिस ने ज्ञान चंद, जतिन शर्मा और नैन सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के तहत केस दर्ज किया है। सेक्टर-57 निवासी देवकी ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में बताया कि उनके पति मेहनत-मजदूरी करते हैं। परिवार में दो छोटे बच्चे हैं। दंपती ने मेहनत से पैसे जोड़कर अपने परिवार के लिए प्लॉट खरीदने की योजना बनाई थी। रिश्तेदार अर्जुन ने उनकी मुलाकात नैन सिंह से कराई। नैन ने अपने भाई ज्ञान चंद और उसके साझेदार जतिन शर्मा से मिलवाया। शिकायत के अनुसार, 1 नवंबर 2020 को आरोपियों ने प्लॉट के एक हिस्से की कीमत 4,23,500 रुपये बताई। शुरुआत में 10 हजार दिए गए। 5 अप्रैल 2021 को 1.10 लाख की रसीद दी गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों के कहने पर उन्होंने कई बार नकद और बैंक खाते के माध्यम से रकम दी। जतिन शर्मा को कुल 4.40 लाख रुपये और नैन सिंह को 20 हजार रुपये दिए। कुल 4.60 लाख आरोपियों को दिए गए। जब रजिस्ट्री कराने को कहा तो ज्ञान चंद ने असमर्थता जताई। वहीं, जतिन शर्मा बार-बार समय मांगकर उन्हें टालता रहा। आरोप है कि रकम लौटाने के लिए जतिन ने 3.86 लाख रुपये का चेक दिया, जो तीन बार बाउंस हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।