Serious Flaws Found In Health Supplement Manufacturing Company License Suspension Recommended
हेल्थ सप्लिमेंट बनाने में खामियां, लिए सैंपल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
हेल्थ सप्लिमेंट बनाने वाली ग्रेटर नोएडा की एक कंपनी में गंभीर खामियां मिली हैं। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की जांच में पता चला कि कंपनी जरूरी रेकॉर्ड रखे बिना ही सप्लिमेंट बना रही थी। तैयार उत्पादों की जांच रिपोर्ट और कच्चे माल की गुणवत्ता से जुड़े प्रमाणपत्र भी नहीं मिले। इसके बाद विभाग ने कंपनी का लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की है। टीम ने कंपनी से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं और माल सीज करने की कार्रवाई भी की है। यह कार्रवाई साइट-5 स्थित कासना औद्योगिक क्षेत्र की मेसर्स उर्मीलाइफ साइंस में की गई। जांच के दौरान सामने आया कि कंपनी में हेल्थ सप्लिमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल्स बनाने के लिए जरूरी बैच मैन्युफैक्चरिंग रेकॉर्ड नहीं रखा जा रहा था। उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल के विश्लेषण प्रमाणपत्र भी नहीं मिले। तैयार उत्पादों की जांच रिपोर्ट और बैच रिलीज से जुड़े दस्तावेज भी टीम को नहीं दिखाए गए। जांच में यह भी पता चला कि कंपनी ने राष्ट्रीय परीक्षण और अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) से मान्यता प्राप्त लैब की रिपोर्ट लिए बिना ही तैयार उत्पाद री-लेबलर को सौंप दिए थे। निर्माण, पैकेजिंग और लेबलिंग में भी खामियां मिलीं। विभाग ने कानपुर की एक अन्य कंपनी में भी इसी तरह की अनियमितताएं मिलने पर उसका लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की है।