नेपाल में होटल कारोबारी कर रहा श्रद्धा की छुपने में मदद !
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nटीम NBT, लखनऊ
हजरतगंज में अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर मौजूद फ्लैट से संदिग्ध हालात में गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में हत्यारोपित श्रद्धा दुबे,उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर समेत चार लोगों के नेपाल में एक होटल कारोबारी के यहां रुकने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक होटल कारोबारी आरोपितों को नेपाल में ठिकाने बदलने में मदद कर रही है। लखनऊ पुलिस नेपाल पुलिस के साथ मिलकर लगातार दबिश दे रही है। वहीं पुलिस ने श्रद्धा के फ्लैट व अन्य आरोपितों के घर पर नोटिस चस्पा कर दिया है।अलीगंज के कपूरथला स्थित सेक्टर-एफ में रहने वाली रंजना शर्मा का कारोबारी बेटा शिवा शर्मा (28) बालू अड्डे के पास स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर रहने वाली सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन में था। 9 अक्टूबर की शाम 6:45 बजे संदिग्ध हालात में श्रद्धा के फ्लैट से गिरने से उसकी मौत हो गई थी। मां रंजना की तहरीर पर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, दोस्त आदिल और चालक समेत अन्य लोगों पर हत्या की रिपोर्ट हजरतगंज पुलिस ने दर्ज की थी।
फ्लैट पर चस्पा किया नोटिस
पुलिस आरोपितों की तलाश में लगातार जुटी हुई है। हत्यारोपित श्रद्धा अन्य आरोपितों के साथ बहराइच के रुपईडीहा सीमा से नेपाल में दाखिल हुई। सूत्रों के मुताबिक इसके बाद वह महेन्द्र नगर पहुंची। वहां से बांके जिले में रुकी। सूत्रों के मुताबिक होटल कारोबारी ने नेपाल के सुर्खेत में श्रद्धा दुबे और अन्य हत्यारोपितों के रुकने में मदद की। वह लगातार हत्यारोपितों को नेपाल में ठिकाने बदलने में मदद कर रहा है। लखनऊ पुलिस नेपाल पुलिस की मदद से श्रद्धा के करीबियों पर नजर बनाए हुए है। जिससे कि हत्यारोपितों पर शिकंजा कसा जा सके। एसीपी हजरतगंज ने बताया कि फरार आरोपितों के फ्लैट और घरों पर एनबीडब्ल्यू का नोटिस चस्पा करा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।
साइबर फ्रॉड के आरोपित से भी जुड़े होने के आरोप
सूत्रों के मुताबिक आयुष्मान में हुए साइबर फ्रॉड के आरोपित के साथ भी श्रद्धा से नजदीकियां सामने आईं हैं। सूत्रों का कहना है कि सहारनपुर के साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने इस मामले में एक कार बरामद की थी। यह कार श्रद्धा के नाम ही बताई जा रही थी। लखनऊ पुलिस ने सहारनपुर पुलिस ने उक्त मामले की डिटेल मांगी है।
शिवा के जीजा ने लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में शिवा के जीजा ने श्रद्धा के अतीत और तौर-तरीकों को लेकर बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उनका दावा है कि श्रद्धा का पूरा इतिहास और उसकी कार्यशैली किसी साजिश की तरफ इशारा करती है। परिवारीजनों का आरोप है कि श्रद्धा इससे पहले दिल्ली में रहती थी। वहां से भागकर लखनऊ आई थी। सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपने जाल में फंसाना, महंगे गिफ्ट्स ऐंठना और जब मामला बिगड़ने लगे तो ब्लैकमेलिंग का खेल खेलना,यही उसका पुराना तरीका रहा है। जीजा ऋषि का कहना है कि जब शिवा ने उसके टॉक्सिक व्यवहार को भांपकर उससे दूरी बनानी शुरू की, तो श्रद्धा का ईगो आहत हो गया और वह उसे लगातार कानूनी शिकंजे में फंसाने की धमकी देने लगी।
मुख्यमंत्री से मांगा न्याय
मां रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखा है। पत्र में श्रद्धा, रश्मि और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने, जांच में लापरवाही या साक्ष्यों से छेड़छाड़ होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में समयबद्ध जांच कराकर परिवार को उसकी प्रगति से अवगत कराने की भी मांग की है।
श्रद्धा ने लिया नया नंबर
सूत्रों के मुताबिक श्रद्धा ने नेपाल में नया सिम और मोबाइल ले लिया है। जिससे कि पुलिस उसकी लोकेशन का पता न लगा सके। श्रद्धा को लगातार अपडेट देने वाले दो संदिग्ध भी पुलिस के रडार पर हैं। आरोपितों की संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है।