एमजी बिल्डर्स पर 95.38 लाख के फ्रॉड का आरोप

नवभारतटाइम्स.कॉम•
mg builders accused of 9538 lakh plot fraud 11 victims fir against 10
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : विभूतिखंड पुलिस स्टेशन में 11 पीड़ितों ने रियल एस्टेट कंपनी एमजी बिल्डर्स ऐंड डिवेलपर्स पर ईएमआई पर प्लॉट देने का झांसा देकर 95.38 लाख रुपये के फ्रॉड का आरोप लगाया है। विभूतिखंड पुलिस ने निदेशक समेत दस आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

रायबरेली के बछरावां निवासी संजीव अवस्थी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में प्लॉट खरीदने के लिए एमजी बिल्डर्स ऐंड डिवेलपर्स में संपर्क किया। कंपनी के कर्मचारियों ने उन्हें बिजनौर के ग्राम औरावां में ईएमआई पर आवासीय योजना बताई। पीड़ित ने 3 हजार वर्गफीट का प्लॉट बुक कर नकद व ईएमआई पर 22.50 लाख का भुगतान कर दिया था। पीड़ित ने रजिस्ट्री के लिए कहा तो बताया गया कि कंपनी के निदेशक विनय मिश्रा अस्पताल में भर्ती है। स्वस्थ होने पर रजिस्ट्री कर दी जाएगी। 23 मई 2024 को विनय का निधन हो गया। उसके बाद कंपनी की निदेशक उनकी पत्नी सुमिता मिश्रा बनीं। वह शशांक सिंह और साक्षी धवन के साथ मिलकर कंपनी चला रही हैं। आरोपितों ने जल्द रजिस्ट्री का आश्वासन दिया। रजिस्ट्री का दबाव बनाया तो आरोपितों ने गाली-गलौज कर धमकाया।
वहीं, फतेहपुर निवासी प्रियंका उमराव ने बताया कि वर्ष 2022 में 10.11 लाख, रिश्तेदार रूबी वर्मा ने 6.40 लाख, सुनीता राय ने 8.05 लाख, सोनिका उमराव ने 2.53 लाख, रश्मि देवी ने 6.95 लाख कंपनी को दिए। 34.04 लाख देने के बाद भी प्लॉट नहीं दिया गया। इसके अलावा, सैन्यकर्मी राजकुमार ने 1250 वर्गफीट का प्लॉट बुक कर 15,30,100 रुपये का भुगतान किया था। इसके अलावा मानसरोवर योजना निवासी बुजुर्ग राजेंद्र ने 8.75 लाख, बलिया निवासी प्रेमजी चौबे ने 7.80 लाख, बलिया निवासी अनिल पाठक ने 6.49 लाख, सरोजनीनगर निवासी मीनाक्षी मिश्रा ने 50 हजार रुपये दिए थे। कोर्ट के आदेश पर विभूतिखंड पुलिस ने आलमबाग निवासी जन्नत अहमद, सुमिता मिश्रा, निशातगंज निवासी शशांक सिंह, साक्षी धवन, हरदोई निवासी सौरभ द्विवेदी, भूपेंद्र, रिजवी, प्रियांशु दीक्षित, नाका निवासी सुचित पांडेय, ठाकुरगंज निवासी हिमांशु शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।