सपा शिक्षा की दुश्मन, शिक्षकों का अपमान उसकी राजनीति: योगी

Contributed by: deep.singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
sp is the enemy of education insulting teachers is its politics yogi adityanath
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि सपा शिक्षा की दुश्मन है। शिक्षा व्यवस्था की उपेक्षा और शिक्षकों का अपमान उसकी राजनीति का आधार रहा है। विधान परिषद चुनाव तैयारियों के तहत ‘ शिक्षक -स्नातक सम्मेलन’ में उन्होंने कहा कि सपा सरकार में शिक्षण संस्थानों में पेशेवर गुंडों का दबदबा था। भाजपा सरकार ने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया है। उन्होंने शिक्षक और स्नातक मतदाताओं से अपील की कि इस चुनाव में वे परिवारवाद और वंशवाद को नकारकर योग्य व सक्षम प्रतिनिधि चुनें।

लखनऊ के स्नातक क्षेत्र के प्रत्याशी अवनीश कुमार सिंह और शिक्षक क्षेत्र के प्रत्याशी उमेश द्विवेदी के समर्थन में आयोजित इस सम्मेलन में सीएम ने कहा कि सपा सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ दिया, हमने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रॉडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ दिया। पहले माफिया जमीनों पर कब्जा कर लेता था। आम लोगों, शिक्षकों और सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाया जाता था। भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था में सुधार के साथ विकास को प्राथमिकता दी।
परिवारवाद की राजनीति को नकारें

सीएम ने अपील की कि आपका प्रतिनिधि वह बनेगा जिसमें जज्बा और सामर्थ्य हो। परिवारवाद और वंशवाद को बढ़ावा देने वाली राजनीति को नकारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव ईवीएम से नहीं, बैलट पेपर से हो रहा है। परिणाम न्याय के पक्ष में देने का काम आपको करना है। यह चुनाव संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने वाली प्रवृत्ति का जवाब होना चाहिए। उन्होंने अति आत्म विश्वास से बचने की अपील की। कहा कि कार्यकर्ताओं की कोशिश होनी चाहिए कि वे मतदाताओं तक पहुंचें। कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, मंत्री मनोज पांडेय, दिनेश प्रताप सिंह, नितिन अग्रवाल, रजनी तिवारी, राकेश राठौर, सुरेश राही, सतीश चंद्र शर्मा, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल और संजय राय मौजूद रहे।

रेकमेंडेड खबरें