4 Crore Fraud In The Name Of Skill Training Sent List Of 400 Students And Swindled Money Operator Arrested
स्किल ट्रेनिंग के लिए 400 छात्रों की सूची भेज 4 करोड़ रुपये हड़प लिए
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
मुंबई की एक फाइनैंस कंपनी से 4 करोड़ 35 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में सेक्टर-31 थाना पुलिस ने स्प्रिंगफील्ड कॉलोनी निवासी रौनक राठौर (40) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने छात्रों की फीस और स्किल ट्रेनिंग से जुड़े खर्चों के लिए कंपनी से वित्तीय सहायता ली थी। ऋण की रकम वापस नहीं करने के साथ ही सुरक्षा के तौर पर दी गई 40 लाख रुपये की बैंक गारंटी भी जांच में जाली और अप्रमाणित पाई गई। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इसके बाद अदालत में पेशकर नीमका जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, रौनक राठौर क्वांटम रिसोर्स कंसल्टेंट्स का संचालक है। उसकी मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित एक फाइनैंस कंपनी के साथ वित्तीय सहायता को लेकर समझौता हुआ था। शिकायतकर्ता कंपनी के प्रतिनिधि अधिवक्ता ध्रुव राजपाल ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने 13 अक्टूबर 2020 को वित्तीय सहायता के लिए कंपनी से संपर्क किया था। उसने छात्रों की फीस के भुगतान और शिक्षा से जुड़े कार्यों के लिए ऋण मांगा था।