Amrapali Zodiac Society Navratri Night Chaos Youngsters Create Havoc Ram Vehicles
आम्रपाली जोडिएक सोसायटी में डांडिया नाइट के दौरान हंगामा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-120 अम्रपाली जोडिएक सोसायटी में शनिवार को डांडिया नाइट कार्यक्रम के दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की बलेनो कार में सवार पांच युवतियों और दो युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि कार सवारों ने सोसायटी में लोगों के साथ गाली-गलौज की और भागने के प्रयास में कई गाड़ियों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से कई छोटे बच्चों और लोगों की जान बाल-बाल बची। घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने पुलिस से कार चालक के खिलाफ सेक्टर 113 थाने में केस दर्ज कराया है।पुलिस ने बताया कि सेक्टर-120 अम्रपाली जोडिएक सोसायटी के एक निवासी के पास आशु अपनी दो बहनों और उनकी दो दोस्तों के साथ में शनिवार रात को गया था। वहां कार पार्किंग को लेकर उसकी एओए पदाधिकारियों से झड़प हो गई। लोगों ने मौके पर ही उसे जमकर पीट दिया। साथ ही उसकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। मामले में सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर सबूत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सोसायटी में तैनात सुरक्षा कर्मी योगेश कुमार की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक शनिवार रात 9:45 बजे बिना नंबर प्लेट की काले रंग की बलेनो कार को गेट नंबर-वन से सोसायटी में प्रवेश कराया गया। इसके बाद कार टावर यू और डब्ल्यू के पीछे खड़ी हो गई। कुछ देर बाद वहां शोर सुनकर निवासी टीना, रितू, स्मृता, गुंजन समेत कई लोग पहुंचे। आरोप है कि कार में बैठे लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि निवासी गुंजन ने कार चालक से सोसायटी में पहुंचने के बारे में पूछताछ की तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद अन्य लोग भी कार के पास पहुंचे।