सेक्टर-18 में बोनट पर दो युवकों को लटकाकर दौड़ाई कार

नवभारतटाइम्स.कॉम•
noida sensational case of driving a car with two youths hanging on the bonnet in sector 18 video goes viral
- विवाद के बाद कैब चालक के भागने का दावा, व्यस्त सड़क पर मची अफरातफरी

NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-18 की व्यस्त सड़क पर विवाद के बाद एक कैब चालक के दो युवकों को कार के बोनट पर लटकाकर तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाने का मामला सामने आया है। घटना का करीब आठ सेकेंड का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दो युवक कार के बोनट पर लटके दिखाई दे रहे हैं, जबकि चालक गाड़ी रोकने के बजाय उसे तेजी से आगे बढ़ाता नजर आ रहा है। इस दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आने से बचते दिख रहे हैं। पुलिस ने गाजियाबाद नंबर की कार को सीज कर दिया है। इस घटनाक्रम ने व्यस्त सड़क पर लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नोएडा पुलिस को टैग कर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि, अभी तक विवाद की वजह और घटना के समय की परिस्थितियों की पुष्टि नहीं हुई है। विडियो सेक्टर-18 का है।थाना सेक्टर-20 पुलिस के अनुसार संबंधित वाहन को ट्रेस कर सीज कर दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तारी के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और विवाद की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।