Hockey India Senior Men National Championship Up Reaches Semi finals By Defeating Manipur
मणिपुर को हरा सेमीफाइनल में पहुंचा यूपी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : झांसी में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पिछली बार की उपविजेता मेजबान उत्तर प्रदेश हॉकी ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मणिपुर को 4-2 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
डिवीजन ए के इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने पहले मिनट से ही आक्रामक तेवर दिखाए। आकाश पाल ने शानदार फील्ड गोल कर टीम का खाता खोला। हालांकि, मणिपुर के सुरेश शर्मा अधिकारीमायुम ने गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया, लेकिन सुमित कुमार ने तुरंत मैदानी गोल कर उत्तर प्रदेश को फिर से 2-1 की बढ़त दिला दी।दूसरे क्वॉर्टर में मणिपुर के सिरिल लुगुन ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-2 कर दिया। इसके तुरंत बाद आकाश पाल ने अपना दूसरा फील्ड गोल दागकर उत्तर प्रदेश को 3-2 से आगे कर दिया। यह गोल मैच का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। तीसरे क्वॉर्टर में 38वें मिनट में शारदा नंद तिवारी ने पेनाल्टी स्ट्रोक पर गोल कर स्कोर 4-2 पहुंचा दिया। अंतिम क्वॉर्टर में मेजबान टीम ने बेहद अनुशासित और संयमित खेल दिखाते हुए मणिपुर को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।