Will The Stock Market Rally Continue Or Will The Recession Persist Know What Experts Say
क्या शेयर बाजार में और तेजी आएगी या आगे मंदी का दौर जारी रहेगा?
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, मुंबई: भारतीय शेयर बाजार की दिशा इस सप्ताह कंपनियों के तिमाही नतीजों, कच्चे तेल की कीमतों, जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) और विदेशी निवेशकों की कारोबारी गतिविधियों से तय होगी। इसके अलावा पश्चिम एशिया के घटनाक्रम और रुपये-डॉलर की विनिमय दर पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।
हालांकि शुक्रवार को बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में लगातार दूसरे सत्र में तेजी देखने को मिली। IT शेयरों में लगातार चौथे सत्र में जारी मजबूती के साथ-साथ ऑटो, मेटल और PSU बैंकिंग शेयरों में खरीदारी ने इस तेजी को समर्थन दिया। हालांकि शुक्रवार को नैस्डैक 2% गिर गया, जिससे यह जून के बाद से इसका सबसे खराब हफ्ता रहा। इस गिरावट के पीछे AI शेयरों की बिकवाली और तेल की कीमतों का दबाव था। एेसे में देखना होगा कि सोमवार को बाजार खुलते ही तेल की कीमतों का दबाव कितना रहता है।‘ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘लगातार दो सप्ताह की बढ़त और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में मजबूत सुधार के बाद घरेलू शेयर बाजार में तेजी का रुख बना है। हालांकि, इस तेजी को बरकरार रखना बाजार के लिए चुनौती होगी।''
पोनमुडी ने कहा कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, भू-राजनीतिक अनिश्चितता, वैश्विक बॉण्ड बाजार में उतार-चढ़ाव और सीमित शेयरों में तेजी निवेशकों को सतर्क रहने का संकेत दे रही है। उन्होंने कहा कि निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि हालिया तेजी आईटी शेयरों से आगे दूसरे क्षेत्रों तक फैलती है या नहीं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल और दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। आईपीओ के लिए 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। इस इश्यू का साइझ 30,213 करोड़ रुपये जुटाए जाने की संभावना है, जिससे यह देश का अबतक का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है।