Major Reshuffle In Gurgaon Corporation Officials Get New Responsibilities Zones Changed
निगम के जोन बदले, अधिकारियों को मिली नई ज़िम्मेदारियां
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर की सड़कों की सफाई, कचरा उठाने, सीवर व्यवस्था सुधारने और पार्कों की देखरेख से जुड़े कामों पर अब नगर निगम के अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों के तहत निगरानी होगी। नगर निगम ने इंजीनियरिंग और बागवानी शाखा में अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है। निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने इसके निर्देश दिए हैं। इंजीनियरिंग ब्रांच में कार्यकारी अभियंता तुषार यादव को जोन-1 के साथ डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सड़कों की सफाई, शिकायत पोर्टल, निर्माण व विध्वंस कचरा प्रबंधन और एनजीटी से जुड़े कामों की जिम्मेदारी दी है। कार्यकारी अभियंता सुंदर श्योराण रोड सेफ्टी, समाधान शिविर, जन संवाद, मुख्यमंत्री आवास, म्हारी सड़क, डी-प्लान और जल शक्ति सहित अन्य योजनाओं से जुड़े काम देखेंगे। कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार को जोन-2 के साथ जल व सीवेज बिलिंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण और संचालन व सेक्टर-14 में निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण का काम सौंपा है। वहीं, कार्यकारी अभियंता कुलदीप यादव जोन-6 के अलावा बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर पुराने कचरे से जुड़े कार्य और वजीराबाद में स्टेडियम निर्माण की जिम्मेदारी संभालेंगे।इसके साथ ही सहायक अभियंताओं के कार्यभार में भी बदलाव किया गया है। सुमित कुमार को जोन-4 के वार्ड-4, 35 और 36 सहित कचरा संग्रहण, बंधवाड़ी लैंडफिल साइट, सेक्टर-14 कार्यालय भवन निर्माण और विज्ञापन से जुड़े प्रवर्तन कार्य सौंपे गए हैं। वसीम अकरम जोन-4 के वार्ड-1, 2 और 3 के साथ निर्माण एवं विध्वंस कचरा प्लांट तथा सैनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स की टीम के नोडल अधिकारी होंगे। मनोज अहलावत जोन-1 में कचरा संग्रहण के लिए सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट विकसित करने और सड़क सफाई से जुड़े कार्य देखेंगे। विवेक बेनिवाल को जोन-5 और शीतला माता मंदिर निर्माण की जिम्मेदारी मिली है। अंजू बाला मुख्यालय के कार्यों के साथ विज्ञापन अनुमति, प्रवर्तन, न्यायालयीन मामलों और राइट ऑफ वे अनुमति से जुड़े काम संभालेंगी।
वहीं, बागवानी ब्रांच में सहायक अभियंता पूनम मलिक को जोन-1 और 2, आशीष को जोन-4 तथा सुनील कुमार को जोन-3, 5 और 6 की जिम्मेदारी दी गई है। कनिष्ठ अभियंताओं को भी जिम्मेदारी सौंपी है।