कैलिटेरपेनोन से बेहतर पैदावार की उम्मीद

नवभारतटाइम्स.कॉम•
new hope for increasing crop yield with caliterpenone
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : फसलों की बेहतर पैदावार और बदलती पर्यावरणीय परिस्थितियों में पौधों को मजबूत बनाने की कोशिशों के बीच केंद्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा संस्थान (सीमैप) के वैज्ञानिकों का एक शोध नई उम्मीद जगाता है। वैज्ञानिकों ने ' कैलिटेरपेनोन ' नामक यौगिक की पौधों की वृद्धि और विकास को प्रभावित करने वाली भूमिका का अध्ययन किया है। यह शोध अंतरराष्ट्रीय जर्नल 'प्लांट साइंस' में प्रकाशित हुआ है।

शोध में पाया गया कि कैलिटेरपेनोन का प्रभाव उसकी मात्रा पर निर्भर करता है, यानी इसकी मात्रा में बदलाव पौधों की बढ़वार और विकास को अलग-अलग तरह से प्रभावित कर सकता है। वैज्ञानिकों ने मॉडल पौधे 'एराबिडॉप्सिस थैलियाना' पर अध्ययन करते हुए यह समझने की कोशिश की कि यह यौगिक पौधों के हॉर्मोन के बीच आपसी तालमेल को किस तरह प्रभावित करता है।
टिकाऊ खेती की दिशा में अहम कदम : पौधों की वृद्धि और विकास में हार्मोन की अहम भूमिका होती है। ऐसे में उनके बीच होने वाले तालमेल को समझना फसलों की उत्पादकता बेहतर बनाने की नई रणनीतियां विकसित करने में मददगार हो सकता है। सीमैप के मुताबिक, इस शोध में कैलिटेरपेनोन की संभावनाओं को रेखांकित किया गया है। इसकी मदद से भविष्य में फसलों के विकास को तेज करने और उनकी उत्पादकता बढ़ाने के नए रास्ते खुलेंगे।