Accused Of Defrauding Italian Woman Dies Suspiciously In Jail Family Alleges Negligence
इटली की महिला से दोस्ती कर ठगी के आरोपी की जेल में मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
इटली की एक महिला से सोशल मीडिया पर दोस्ती कर कथित तौर पर ठगी करने के आरोप में भोंडसी जेल में बंद अखिल मौर्य (40) की सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे सेक्टर-10 के सिविल हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक के परिजनों ने पुलिस और जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है। परिवार का आरोप है कि अखिल ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर (OCD) से पीड़ित था और उसे जेल में नियमित दवाइयां व समुचित उपचार नहीं मिला। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मैजिस्ट्रेट की निगरानी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
मृतक के सुखराली निवासी जीजा रोहित सिंह ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साइबर वेस्ट थाना पुलिस ने अखिल को 1 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। अगले दिन कोर्ट में पेश कर उसे न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया था। रोहित का आरोप है कि गिरफ्तारी के समय अखिल ने जांच अधिकारी को अपनी बीमारी के बारे में बताया था। 1 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे परिवार के सदस्य उसकी दवाइयां जमा कराने साइबर वेस्ट थाने भी गए थे।
सोशल मीडिया पर दोस्ती कर 900 यूरो लेने का आरोप: अखिल की गिरफ्तारी इटली से गुड़गांव आई महिला की शिकायत पर हुई थी। आरोप है कि सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म के जरिए अखिल से उसकी दोस्ती हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी का झांसा देकर उससे 900 यूरो (करीब 98 हजार रुपये) ट्रांसफर करा लिए थे।