Faridabad Truck Claims Life Of Youth Returning From Duty Wedding Joy Turns To Mourning
ड्यूटी से लौट रहे युवक को ट्रक ने कुचला, मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
सारन थाना क्षेत्र के सरूरपुर चौक के पास रविवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान बल्लभढ़ के विष्णु कॉलोनी निवासी 22 साल के योगेश के रूप में हुई है।योगेश सरूरपुर स्थित एक प्राइवेट कंपनी में बतौर स्टोर इंचार्ज नौकरी करता था। योगेश ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान वह ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी जान चली गई। वह तीन भाई-बहनों में इकलौता भाई था। परिजनों के मुताबिक, दिसंबर में उसकी शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियों को लेकर खुशियों का माहौल था, लेकिन हादसे की खबर ने पूरे परिवार समेत कॉलोनीवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया।
जानकारी के अनुसार, योगेश रविवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर के लिए निकला था। वह सरूरपुर चौक के पास पुलिया से होकर जा रहा था कि ट्रक की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पर्वतीय कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर बाद उसकी पहचान करके शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवाया।