Traffic Jam Expected In Delhi Today Due To Dussehra And Durga Puja Be Careful On These Routes
आज CR पार्क से लाल किले तक ट्रैफिक रह सकता है प्रभावित
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : आज 20 अक्टूबर को दशहरा और दुर्गापूजा समारोह के चलते कई इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। सीआर पार्क, ग्रेटर कैलाश, आईपी एक्सटेंशन और लाल किला मैदान के आसपास शाम से देर रात तक जाम लग सकता है। कार्यक्रमों में भारी भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि निर्धारित मार्गों और डायवर्जन की जानकारी लेकर ही घर से निकलें।
सीआर पार्क और ग्रेटर कैलाश में मंगलवार शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक यातायात प्रभावित रह सकता है। आउटर रिंग रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, अगस्त क्रांति मार्ग, महरौली-बदरपुर रोड, गुरु रविदास मार्ग, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग और जोसफ टीटो मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका है। इसके अलावा सीआर पार्क की आंतरिक सड़कों, खानपुर, जामिया हमदर्द, चिराग दिल्ली फ्लाईओवर और वसंत विहार-मोती बाग फ्लाईओवर से जुड़े मार्गों पर भी परेशानी हो सकती है।आईपी एक्सटेंशन और लाल किले के आसपास भी असर: आईपी एक्सटेंशन के डीडीए उत्सव मैदान में आज आयोजित होने वाले दशहरा समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने का कार्यक्रम है। इसके चलते एनएच-9, स्वामी दयानंद मार्ग, विकास मार्ग और पटपड़गंज की ओर जाने वाली सड़कों पर यातायात का दबाव काफी ज्यादा बढ़ सकता है।