Aiims Forms Inquiry Committee On Tanvis Death Father Prepares To File Fir
तन्वी मामले में AIIMS ने बनाई जांच समिति, FIR की तैयारी में जुटे पिता
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
जन्म से जटिल हार्ट की बीमारी से जूझ रही तन्वी की मौत के मामले में एम्स ने जांच समिति गठित की है। कमिटी मरीज के इलाज, विशेषज्ञों की राय, मेडिकल रिकॉर्ड और मौत से जुड़ी परिस्थितियों की विस्तार से जांच करेगी। एम्स ने कहा है कि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और समिति की जांच पूरी होने के बाद ही निकाले जाएंगे।तन्वी के पिता ने आरोप लगाया था कि 2015 में सर्जरी के लिए पैसे और खून जमा होने के बाद भी बार-बार सर्जरी की तारीख बदलती रही। बुधवार को एनबीटी से बात करते हुए तन्वी के पिता ने कहा कि पोस्टमॉर्टम हो गया है, लेकिन अभी हमने शव नहीं लिया है, हम अपने वकील के जरिए इस मामले को लेकर एफआईआर कराने जा रहे हैं, उसके बाद ही शव लेंगे।
वहीं, एम्स के अनुसार, तन्वी पहली बार 10 अक्टूबर 2012 को कार्डियोलॉजी ओपीडी में लाई गई थीं। जांच में उन्हें वेंट्रिकुलर सेप्टल डिफेक्ट (VSD) के साथ पल्मोनरी एट्रेसिया नामक जटिल जन्मजात दिल की बीमारी का पता चला था। एम्स के मुताबिक, विस्तार से जांच के बाद 2017 में विशेषज्ञों ने निष्कर्ष निकाला कि हार्ट की जटिल बनावट के कारण सर्जरी संभव नहीं है। परिवार को दवा के जरिए इलाज की सलाह दी गई।
एम्स के अनुसार, 1 सितंबर की सुबह करीब 2:50 बजे तन्वी को अचानक कमजोरी महसूस हुई। ऑक्सीजन लेवल 48 प्रतिशत रह गया। डॉक्टरों ने लंबे समय तक पुनर्जीवन (रिससिटेशन) का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।