ब्लैक स्पॉट पर अवैध कट बंद करने की तैयारी

नवभारतटाइम्स.कॉम
illegal cuts on black spots in gurgaon to be closed strict arrangements to prevent accidents
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

हादसे रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित इलाकों में सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की तैयारी है। इन जगहों पर अवैध कट बंद करने के साथ पर्याप्त लाइटिंग, रोड मार्किंग, साइन बोर्ड और स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था होगी। बुधवार को लघु सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सोनू भट्ट की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के सभी लंबित काम तय समय में पूरे करने के निर्देश दिए गए। गोल्फ कोर्स रोड स्थित ला लगून चौक पर 2023 से 2025 के बीच 10 सड़क हादसे हुए हैं। यहां फुट ओवरब्रिज बनाने की योजना पर चर्चा हुई।
बैठक में सेक्टर-31, फौजी दा ढाबा, पंचगांव चौक समेत जिले के अलग-अलग ब्लैक स्पॉट की स्थिति की समीक्षा की गई। इन जगहों का ट्रैफिक पुलिस, तकनीकी एक्सपर्ट, सड़क सुरक्षा अधिकारियों और राहगीरी फाउंडेशन की टीम ने निरीक्षण किया था। झाड़सा चौक, एटलस चौक, इफ्को चौक, सेक्टर-33, खोह मानेसर, पचगांव चौक, शास्त्री नगर सेक्टर-105 और गोपालपुर सेक्टर-10 आदि पर भी सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। गुड़गांव-सोहना रोड पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए नए पैदल क्रॉसिंग, वार्निंग साइन लगाने के निर्देश दिए गए। स्कूल बसों की सुरक्षा जांच के दौरान 22 जुलाई तक जिले में 838 बसों का निरीक्षण किया गया। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 62 चालान किए गए।