Major Action In Kanpur Rto 2 Arto Suspended Rto Noticed Fir Against 15
2 ARTO निलंबित, आरटीओ को नोटिस
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ: अनियमितता सामने आने पर कानपुर के दो एआरटीओ को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही आरटीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो लिपिक समेत 15 के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए गए हैं। कर्मचारियों के खिलाफ सतर्कता जांच भी शुरू हो गई है।
अनियमितता के साथ ही कार्यालय में विफल पर्यवेक्षण, अधीनस्थों पर शिथिल नियंत्रण, शासनादेशों और उच्चादेशों की अवहेलना के मामले में शासन के आदेश पर कार्रवाई हुई है। कानपुर नगर के एआरटीओ (प्रवर्तन) तृतीय दल सोमलता यादव और एआरटीओ (प्रशासन) आलोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही आरटीओ (प्रशासन) राकेन्द्र सिंह को नोटिस जारी कर पंद्रह दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। शिकायतों का संज्ञान लेकर जिलाधिकारी ने आरटीओ कार्यालय का निरीक्षण करवाया था। ऑफिस में मौजूद करीब 50 लोगों से पूछताछ करने के साथ ही 11 संदिग्ध चिह्नित किए गए थे। जांच में सामने आया कि संदिग्ध गाड़ियों का पंजीकरण करवाने, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर धोखाधड़ी करके अवैध धन उगाही कर रहे थे। पूरे मामले में आरटीओ के बाबू मधुर मिश्रा और विपिन कुमार की संलिप्तता पाई गयी। इसके बाद सभी के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया था। एक ट्रक चालक ने बताया कि कर्मचारियों ने 26,750 रुपये लिए और 21,750 की रसीद दी थी। कैश मिलान में आरोप सही पाए जाने पर रिपोर्ट मुख्यालय भेजी गई थी।मंत्री ने चेताया: परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मंत्री ने कहा कि किसी भी स्तर पर कार्यों में शिथिलता और लोगों से धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।