सड़क के लिए बारिश में भी डटे किसान

नवभारतटाइम्स.कॉम
farmers stand firm in rain protest continues for 15th day demanding road construction
nNBT न्यूज, नगराम : कमालपुर विचिलका से कुबहरा के बीच अधूरे पड़े मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन का कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पर चल रहा धरना बुधवार को 15वें दिन भी जारी रहा। लगातार बारिश के बावजूद किसान धरना स्थल पर डटे रहे। किसानों ने आरोप लगाया कि 15 दिन से बारिश में आंदोलन करने के बावजूद तहसील प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी उनकी सुध लेने धरना स्थल तक नहीं पहुंचा।

संगठन के मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह ने कहा कि उपजिलाधिकारी तहसील क्षेत्र की जनता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय कर समस्याओं का समाधान कराने के लिए जिम्मेदार हैं। इसके बावजूद किसानों की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारी लगातार आश्वासन देकर किसानों को टरका रहे हैं। यदि प्रशासन पहल करता तो अब तक अधूरी सड़क का निर्माण शुरू हो सकता था।
किसानों ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कुछ दिन पहले स्कूली बच्चों को लेकर जा रही वैन इसी कीचड़ भरे रास्ते में फिसलकर नाले में गिर गई थी। इससे बच्चे चोटिल हो गए थे। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।