दोस्त को सुपारी देकर छोटे भाईने करवाई थी चौकीदार की हत्या

नवभारतटाइम्स.कॉम
दोस्त को सुपारी देकर छोटे भाईने करवाई थी चौकीदार की हत्या
nNBT न्यूज, लखनऊ : महिंगवां के गणेशपुर गांव निवासी चौकीदार सतीश यादव (25) की हत्या उसके नाबालिग छोटे भाई ने दोस्त को 88 हजार रुपये की सुपारी देकर कराई थी। पुलिस के मुताबिक, सतीश ननिहाल से मिली आठ बीघा जमीन को धीरे-धीरे बेच रहा था। परिवार के लोग इसका विरोध करते थे तो वह उनके साथ मारपीट करता था। इसी से नाराज छोटे भाई ने उसकी हत्या की साजिश रची। महिंगवां पुलिस ने नाबालिग भाई समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चाकू, सरिया और दो बाइक बरामद की हैं।

डीसीपी नॉर्थ अमित कुमार आनंद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में सतीश का नाबालिग भाई, सैरपुर निवासी आनंद कुमार, रचित रावत और दीपक रावत शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक 31 अगस्त की रात आनंद, रचित और दीपक ने निर्माणाधीन मकान में सो रहे सतीश पर चाकू और सरिया से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल सतीश खुद को बचाने के लिए छत से कूदकर भागा। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
रक्षाबंधन पर बनाया था प्लान

एडीसीपी नवीन सिंह ने बताया कि सतीश के छोटे भाई ने हत्या की योजना पहले ही बना ली थी, लेकिन मौका नहीं मिल रहा था। रक्षाबंधन के दौरान अन्य मजदूरों के घर चले जाने पर सतीश को गांव के बाहर स्थित निर्माणाधीन मकान की देखरेख की जिम्मेदारी मिली। वहां सन्नाटा होने की जानकारी मिलते ही नाबालिग ने अपने दोस्त आनंद से संपर्क किया। दोनों ने 30 अगस्त को हत्या की योजना बनाई। इसके बाद आनंद ने रचित और दीपक से संपर्क कर 88 हजार रुपये में हत्या की सुपारी तय की।

लोकेशन ने खोला राज

एसीपी विकास पांडेय ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में नाबालिग ने घटना के समय खुद को बहन के घर बताया था। सर्विलांस से उसकी लोकेशन दूसरी जगह मिली। जांच में घटना के समय आनंद की लोकेशन भी घटनास्थल के आसपास मिली। दोनों के बीच बातचीत सामने आने पर पुलिस का शक गहरा गया। कड़ाई से पूछताछ में नाबालिग ने हत्या की साजिश कबूल कर ली।

पुलिस टीम को इनाम

ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को डीसीपी अमित कुमार आनंद ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। टीम में थानाध्यक्ष राधेश्याम मौर्या, एसएसआई गौरी शंकर, एसआई मनीष मिश्रा, सुनील, वीरेंद्र सिंह, सर्विलांस टीम प्रभारी दीपक कुमार, अवधेश गिरी, नदीम समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।