Body Of Transporter Missing For Two Days Found In Drain Murder Suspected
दो दिन से लापता ट्रांसपोर्टर का शव नाले में मिला
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
मदेयगंज इलाके से दो दिन से लापता ट्रांसपोर्टर का शव संदिग्ध हालात में हजरतगंज थानाक्षेत्र में हैदर कैनाल नाले में मिला है। भाई व अन्य परिवारीजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है।खदरा इलाके में जितेंद्र शर्मा (37) परिवारीजनों के साथ रहते थे। वह ट्रांसपोर्ट का काम करते थे। उनके भाई सत्येंद्र ने बताया कि 2 सितंबर की सुबह 6 बजे जितेंद्र परिवारीजनों को बिना कुछ बताए घर से पैदल ही निकले थे। पत्नी और बच्चे सोकर उठे वह कहीं दिखे नहीं। मोबाइल और घड़ी घर में ही थे। देर रात तक वापस न लौटने पर परिवारजनों ने आसपास तलाश शुरू की। दोस्तों और परिचितों के यहां पता किया। पर, जितेंद्र के बारे में कोई भी जानकारी नहीं मिली। 3 सितंबर को परिवारीजनों ने डॉयल-112 पर सूचना दी। पीड़ित परिवारीजन गुमशुदगी दर्ज कराने पुलिस स्टेशन पहुंचे। पुलिस ने जानकारी लेकर जांच की बात कही। 4 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे मदेयगंज पुलिस ने हजरतगंज इलाके में हैदर कैनाल नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पीड़ित परिवारीजनों को दी। परिवारीजनों को शव की पहचान कराने के लिए पोस्टमॉर्टम हाउस पर बुलाया गया। पत्नी संगीता ने शव की पहचान जितेंद्र के रूप में की।
भाई सत्येंद्र ने इस मामले में जितेंद्र की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए जांच की मांग की है। भाई ने बताया कि शव पर चोटों के निशान भी हैं। भाई सत्येंद्र ने बताया कि जितेन्द्र के दो बेटे हिमांशु और रुद्र हैं। मदेयगंज पुलिस स्टेशन प्रभारी अनुज कुमार तिवारी का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है।