High Court Questions Long Tenure In Aoa Demands Amendment In Rules
AOA में वर्षों तक बने रहने पर HC ने उठाए सवाल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सोसायटीज की एओए में नए-नए तिकड़म के आधार पर सालों तक पद पर बने रहने की समस्या का अब हल निकलने की उम्मीद बढ़ गई है। इलाहबाद हाई कोर्ट ने नोएडा के बायर्स की ओर से लगाई गई एक याचिका की सुनवाई के दौरान सोसायटियों में लंबे समय तक पद पर बने रहने के मुद्दे पर सवाल उठाया है। साथ ही प्रदेश सरकार से कहा है कि रजिस्ट्रार सोसायटी एक्ट में आज के परिपेक्ष्य के हिसाब से जो संशोधन की जरूरत है उसका हल निकाला जाए। बायलॉज को और ज्यादा स्पष्ट व प्रभावी बनाया जाए ताकि सोसायटीज में एओए और बायर्स के बीच बढ़ रहे विवाद न्यूनतम हों। सेक्टर-119 स्थित एल्डिको आमंत्रण सोसायटी के बायर्स ने यह याचिका डाली थी। याचिकाकर्ता निखिल ने बताया कि इस पर हाई कोर्ट ने सभी सोसायटीज के लिए एक पारदर्शी सिस्टम व बायलॉज में संशोधन के लिए प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव को निर्देशित किया है। हाईकोर्ट ने सोसायटियों में प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के लंबे समय तक पद पर बने रहने और सदस्यों को बकाया भुगतान न करने के आधार पर मतदान के अधिकार से वंचित किए जाने के मामले को भी गंभीरता से लिया है। कोर्ट ने कहा है कि यदि चुनाव कराने की जिम्मेदारी मौजूदा प्रबंधन के पास ही है और वह चुनाव प्रक्रिया शुरू नहीं करता है तो इससे पदाधिकारियों का कार्यकाल अनिश्चितकाल तक बढ़ सकता है। इससे जवाबदेही की कमी पैदा हो सकती है।