सेक्टर-12 में फटी पाइपलाइन, नौ दिन बाद भी मरम्मत नहीं

नवभारतटाइम्स.कॉम
sector 12 pipeline burst unrepaired after nine days allegations of negligence against noida authority
n NBT न्यूज, नोएडा

सेक्टर-12 के पी ब्लॉक में पानी की भूमिगत मुख्य पाइपलाइन फटने से सड़क और आसपास के हिस्से में पानी भरने की समस्या बनी हुई है। निवासियों का आरोप है कि शिकायत के नौ दिन बाद भी नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई है। इससे लोगों में नाराजगी है और पानी की आपूर्ति प्रभावित होने से परेशानी बढ़ गई है। सेक्टर-12 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष डॉ. तरसेम चंद ने 28 अगस्त को नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों और फोनरवा पदाधिकारियों को ग्रुप में संदेश भेजकर समस्या की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि मकान नंबर P-35 के पास जल बोर्ड की पानी की पाइपलाइन फट गई है। शिकायत में पी ब्लॉक में प्रभावित पानी की आपूर्ति को जल्द बहाल करने और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने का अनुरोध किया गया था। डॉ. तरसेम चंद ने कहा कि समस्या की गंभीरता बताने के लिए एक और विडियो अधिकारियों के ग्रुप में साझा किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण करने और पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।