nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : पंचायती राज विभाग ने प्रदेश की 11,350 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की कवायद शुरू कर दी है। शनिवार को कंप्यूटर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की आपूर्ति की गई। पहले चरण में चयनित 11 जिलों और विकास खंडों की डिजिटल लाइब्रेरी के लिए उपकरणों से युक्त वाहन लखनऊ से रवाना किए गए।
डिजिटल लाइब्रेरी स्थापना के पहले चरण में अंबेडकरनगर के भीटी, आजमगढ़ के तरवां और मीरजापुर, बरेली के मझगवां, गाजियाबाद के सभी विकास खंडों, गोरखपुर के बांसगांव और बड़हलगंज, लखनऊ और महराजगंज के सभी विकास खंडों, मऊ के दोहरीघाट, मेरठ के दौराला और वाराणसी के आराजी लाइन विकास खंड के लिए उपकरण भेजे गए हैं। पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हर डिजिटल लाइब्रेरी में दो डेस्कटॉप कंप्यूटर, एक प्रिंटर, एक वेबकैम, एक एलईडी टेलीविजन और वाई-फाई व इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए नेटवर्किंग स्विच उपलब्ध करवाए जाएंगे। डिजिटल लाइब्रेरी के लिए फर्नीचर और पुस्तकों की व्यवस्था पहले ही पूरी की जा चुकी है। कंप्यूटर और अन्य डिजिटल उपकरण स्थापित होने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को सितंबर के अंत तक अध्ययन सामग्री, डिजिटल शिक्षण संसाधन और ऑनलाइन सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।