Petrol Money Stopped Tb Employees Spending From Their Pockets For Treatment One Dies
पेट्रोल का पैसा बंद, जेब से खर्च कर टीबी मरीज़ों तक पहुंच रहे कर्मचारी
Contributed by: ranvijay.singh1|नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के तहत तैनात करीब 3 हजार फील्ड कर्मचारियों को पिछले करीब एक साल से पेट्रोल का पैसा नहीं मिला है। कर्मचारियों के मुताबिक, पिछले साल जून तक हर महीने 3500 रुपये मिलते थे, लेकिन इसके बाद भुगतान बंद हो गया। अब वे वेतन से पेट्रोल भरवाकर सरकारी काम कर रहे हैं। इसका रिफंड मिलने की भी कोई व्यवस्था नहीं है।
उप्र क्षय रोग वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक संघ की शनिवार को बैठक हुई। इसमें कानपुर के कर्मचारी अमित अस्थाना की पिछले सप्ताह हुई मौत का मुद्दा भी उठा। कर्मचारी नेताओं ने कानपुर के जिला टीबी अधिकारी और सीएमओ की भूमिका पर सवाल उठाए। संघ के प्रदेश अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्र ने कहा कि पेट्रोल भुगतान समेत कर्मचारियों की मांग और अफसरों के उत्पीड़न का मुद्दा शासन के सामने रखा जाएगा। स्टेट टीबी अफसर डॉ. ऋषि सक्सेना ने बताया कि एनएचएम में इस साल एसएनए स्पर्श के जरिए भुगतान की नई व्यवस्था शुरू हुई थी। इससे कुछ दिक्कतें आई थीं, जिन्हें दूर कर लिया गया है। जल्द भुगतान बहाल होगा।