मदद के लिए चीखते रहे विक्रम, घर तक पीछा कर पीटते रहे आरोपी

नवभारतटाइम्स.कॉम
manipur man beaten to death in sunlight colony questions raised on safety
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

सनलाइट कॉलोनी में 54 वर्षीय मणिपुरी चोंगथाम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या के बाद पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का आरोप है कि विक्रम ने घर के सामने नशे में शोर मचा रहे करीब 6 लोगों को ऐसा न करने के लिए कहा था। इसी बात पर आरोपियों ने उन्हें घेरकर पीटना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए विक्रम घर की ओर भागे और मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते रहे। घर के पास पहुंचते ही उन्हें दोबारा पकड़कर सड़क पर गिराया और पीटा। परिजन नीचे पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। बेटा याईफाबा गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, विक्रम रोज की तरह खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। घर के सामने करीब 6 लोग बैठे थे। आरोप है कि वे नशे में गाली-गलौज करते हुए शोर मचा रहे थे। विक्रम ने उन्हें शोर न करने और वहां से हटने के लिए कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने विक्रम को बीच सड़क पर गिराकर पीटा। वह किसी तरह वहां से निकलकर घर की तरफ भागे। वह लगातार बचाने के लिए पुकारते रहे, लेकिन आरोपी पीछे लगे रहे। घर के पास पहुंचते ही उन्हें फिर पकड़ लिया गया और बेरहमी से पीटा गया। शोर सुनकर बालकनी से परिजनों ने नीचे देखा तो विक्रम को कुछ लोग पीट रहे थे। परिवार के सदस्य नीचे दौड़े तो आरोपी भाग गए। याईफाबा नीचे पहुंचा तो पिता सड़क पर गंभीर हालत में पड़े थे। वह उन्हें तुरंत अस्पताल ले गया, लेकिन जान नहीं बच सकी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि सड़क पर मारपीट के दौरान किसी राहगीर ने विक्रम को बचाने की कोशिश नहीं की।

रेकमेंडेड खबरें