6 Ipos Launching In A Single Day After 30 Years Record In Stock Market
30 साल बाद आज एक ही दिन में आएंगे 6 IPO
नवभारत टाइम्स•
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : भारतीय शेयर बाजार में करीब 30 साल बाद एक अनोखा रेकॉर्ड बनने जा रहा है। बुधवार को एक ही दिन में 6 मेनबोर्ड IPO सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने जा रहे हैं। ऐसा करीब 30 साल बाद हो रहा है। प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों के मुताबिक, पिछली बार 14 अक्टूबर 1996 को एक ही दिन में ठीक 6 IPO खुले थे। वहीं, 28 अक्टूबर 1996 को एक दिन में 7 IPO आए थे। साल 1995 और 1996 IPO मार्केट के लिए बहुत शानदार साल थे, तब कई बार ऐसा भी हुआ था जब एक ही दिन में 10 से ज्यादा कंपनियां बाजार में उतरी थीं।
बुधवार को जो 6 कंपनियां अपना IPO ला रही हैं, वे मिलकर करीब 4,509 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं। यह रकम 30 साल पहले के मुकाबले बहुत ज्यादा है। तब एक दिन में IPO के जरिए सिर्फ 22 करोड़ रुपये ही जुटाए गए थे। अगर पूरे हफ्ते की बात करें तो 11 सितंबर तक कुल 12 मेनबोर्ड IPO आने वाले हैं, जिनसे लगभग 7,180 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है।बुधवार को जो 6 IPO खुल रहे हैं, उनमें रेंटोमोजो, ARCIL, मनीपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सॉल्यूशंस, स्टीमहाऊस इंडिया, LCC प्रोजेक्ट्स और करमतारा इंजीनियरिंग शामिल हैं।