सरपंचों ने SDO पर लगाया काम में बाधा डालने का आरोप, CM को दी शिकायत

नवभारतटाइम्स.कॉम
allegations of obstructing development work on sdo sarpanches complain to cm
n NBT न्यूज, सोहना

ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने पंचायती राज विभाग के उपमंडल अधिकारी (SDO) जाहिद हुसैन पर आरोप लगाते हुए उनके तबादले की मांग को लेकर मुख्यमंत्री नयाबसिंह सैनी को पत्र लिखा है। सरपंचों ने अधिकारी पर पंचायतों के विकास कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप, कथित रूप से पसंदीदा ठेकेदारों से काम कराने का दबाव बनाने और काम के बिलों पर आपत्तियां लगा भुगतान में अड़चन के आरोप लगाए हैं। सरपंचों का कहना है कि पंचायतों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विकास कार्य कराने का अधिकार है। बावजूद अधिकारी की ओर से कथित रूप से अपनी पसंद के ठेकेदारों से काम कराने के लिए दबाव बनाया जाता है।यह भी आरोप लगाया है कि पंचायतों पर अपनी पसंद की निर्माण सामग्री लेने के लिए दबाव बनाया जाता है। सरपंचों ने मुख्यमंत्री से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। यह भी आरोप है कि अगर पंचायत अधिकारी की बताई व्यवस्था के अनुसार काम नहीं होता तो आपत्तियां लगाकर भुगतान रोक दिया जाता है। पत्र में जाहिद हुसैन की पूर्व तैनाती का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार जाहिद हुसैन पहले सोहना खंड में ही कनिष्ठ अभियंता (JE) के पद पर कार्यरत थे। पदोन्नति के बाद वे उपमंडल अधिकारी (SDO), पंचायती राज के पद पर पहुंचे और सोहना क्षेत्र में ही उनकी तैनाती बनी रही।