Faridabad Allegation Of Slapping Student Abvp Protest Against Proctor
छात्र को थप्पड़ मारने का आरोप, प्रॉक्टर के खिलाफ प्रदर्शन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में छात्र और प्रॉक्टर के बीच हुए विवाद को लेकर बुधवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों ने प्रदर्शन किया। एक छात्र ने प्रॉक्टर पर थप्पड़ मारने और करियर खराब करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रदर्शन के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रॉक्टर ने छात्र को थप्पड़ मारने और धमकी देने के आरोपों से इनकार किया है।एबीवीपी के विभाग संयोजक दीपक भारद्वाज और प्रांत सह मंत्री गायत्री राठौर ने बताया कि बीबीए के एक छात्र ने प्रॉक्टर प्रो. मंजीत सिंह पर थप्पड़ मारने और करियर खराब करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इसके विरोध में संगठन के कार्यकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। छात्र परिषद अध्यक्ष नितेश नागर, इकाई अध्यक्ष नरेन सैनी, युधिष्ठिर शर्मा और पवन भाटी ने बताया कि कार्यकर्ता कई घंटे तक मुख्य प्रवेश द्वार पर बैठे रहे। बाद में उन्हें वाइस चांसलर से मिलने का समय दिया गया। संगठन के अनुसार, वीसी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि जांच में लापरवाही सामने आने पर दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा। प्रॉक्टर प्रो. मंजीत सिंह ने छात्र द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि छात्र काफी देर से यूनिवर्सिटी की लिफ्ट के बटन के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। इसी को लेकर उन्होंने छात्र को समझाया था। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर छात्र और संगठन के साथ बैठक भी हुई है और आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया है।