Oxygen Cylinder Blast Kills Laborer In Okhla Several Injured
ऑक्सिजन सिलिंडर में ब्लास्ट से मजदूर की मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
ओखला फेज-1 में बुधवार सुबह कमर्शल ऑक्सिजन सिलिंडर उतारते समय एक सिलिंडर सड़क पर गिरते ही ब्लास्ट हो गया। हादसे में 35 साल के मोहित सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उमेश, अरविंद, मनोज और पंकज घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, सिलिंडर गाजियाबाद से टाटा 407 में लाए गए थे। पुलिस हादसे के साथ गोदाम में सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रही है। वहीं पुलिस ने गोदाम मालिक विनोद नगर निवासी श्याम मोहन को गिरफ्तार कर लिया है।हादसा डी-23 के एक गोदाम के बाहर हुआ। शुरुआती जांच में पता चला कि सिलिंडर उतारते समय एक सिलिंडर गाड़ी से सड़क पर गिरा और गिरते ही धमाका हुआ। पुलिस के मुताबिक फिलहाल सिर्फ एक सिलिंडर में ही ब्लास्ट होने की बात सामने आई है। घटनास्थल पर एसएम ट्रेडर्स के नाम दर्ज टाटा 407 ट्रक मिला। फर्म के कर्मचारी सिलिंडर उतारकर गोदाम में रख रहे थे।
डीसीपी विनीत कुमार के अनुसार, सुबह करीब 10:43 पर ओखला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस को सूचना मिली। हादसे में मोहित की मौत हो गई। वह जैतपुर के रहने वाले थे और करीब 3 साल से फर्म में काम कर रहे थे। घायलों का इलाज चल रहा है। यह जगह एसएम ट्रेडर्स ने किराये पर ली हुई है। फर्म जीएसटी पर रजिस्टर्ड है। परिसर में 3-4 कर्मचारी काम करते हैं। फर्म इंडस्ट्रियल ऑक्सिजन सिलिंडरों की ट्रेडिंग और सप्लाई करती है। सिलिंडर गाजियाबाद से सप्लायर राम अवतार के जरिए भरे हुए आते थे और ओखला के कारोबारियों व इंडस्ट्री को सप्लाई किए जाते थे।