जोधपुर HC बनाने वाले ठेकेदार की गिरफ्तारी से आम्रपाली के होम बायर्स की बढ़ी चिंता

नवभारतटाइम्स.कॉम
jodhpur hc contractor arrest amrapali home buyers concerns rise questions on quality
Shyam.Vir

@timesofindia.com
n नोएडा : जोधपुर में राजस्थान हाई कोर्ट की नई बिल्डिंग के निर्माण में गंभीर खामियां सामने आने के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा के आम्रपाली होमबायर्स की चिंता बढ़ गई है। वजह है कि जोधपुर मामले में गिरफ्तार वीसीएल ग्रुप (वीरेंद्र कंस्ट्रक्शंस लिमिटेड) के मालिक वीरेंद्र गर्ग की कंपनी ने यहां आम्रपाली के गोल्फ होम्स, किंग्सवुड और लेजर पार्क समेत कई प्रॉजेक्ट्स का निर्माण पूरा किया है। बायर्स अब इन प्रॉजेक्ट्स की निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट में स्वतंत्र तकनीकी जांच की मांग करेंगे। जोधपुर में करीब 220 करोड़ रुपये की लागत से बनी राजस्थान हाई कोर्ट की नई बिल्डिंग में फॉल सीलिंग गिरने, सीलन, आग लगने और प्लास्टर से जुड़ी समस्याएं सामने आई थीं। इस मामले में 2024 में कंपनी के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। कंपनी मालिक वीरेंद्र गर्ग लंबे समय से फरार था और हाल ही में उसे हरिद्वार से गिरफ्तार किया गया। आम्रपाली के अधूरे प्रॉजेक्ट्स को पूरा करने के लिए एनबीसीसी ने वीसीएल को निर्माण का ठेका दिया था। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के होमबायर्स की संस्था नेफोवा ने वीसीएल के साथ एनबीसीसी की भूमिका की भी स्वतंत्र तकनीकी जांच की मांग की है। संस्था के अध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि बायर्स पहले भी निर्माण गुणवत्ता को लेकर शिकायतें करते रहे हैं। ऐसे में यह जांच जरूरी है कि वीसीएल का चयन किस आधार पर हुआ और निर्माण के दौरान गुणवत्ता की निगरानी कैसे की गई।