Greenwood City Residents Protest As Wall Breaches Threaten Security And Drainage
ग्रीनवुड सिटी के निवासियों ने डीसी और DTPE कार्यालय पहुंच जताया विरोध
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव: सेक्टर-45 स्थित ग्रीनवुड सिटी के ए ब्लॉक में तीन स्थानों पर दीवार तोड़े जाने के विरोध में मंगलवार को निवासी डीसी उत्तम सिंह और डीटीपीई अमित मधोलिया के कार्यालय पहुंचे।
लोगों ने कहा कि दीवार हटने से कॉलोनी की सुरक्षा प्रभावित हुई है और बारिश का पानी सेक्टर-45 से तेज बहाव के साथ कॉलोनी में आ रहा है। पानी वॉटर टैंक तक पहुंचने का भी दावा किया गया। डीटीपीई ने अगस्त में अवैध रूप से बनी दीवार हटवा दी थीं। लोगों की शिकायत सुनकर डीसी ने डीटीपीई को समाधान के निर्देश दिए। डीटीपीई ने सेक्टर-45 आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को भी ऑफिस बुलाया। लोगों ने जलनिकासी का इंतजाम करने और सुरक्षा के लिए दीवार दोबारा लगाने की अनुमति देने की मांग की। वहीं, सेक्टर-45 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ओपी यादव ने कहा कि ले-आउट प्लान में रास्ते के लिए तय जगह पर दीवार बनी थी। इससे हुडा सेक्टर्स में पानी की निकासी भी बाधित थी। उन्होंने रास्ता खुलवाकर सड़क बनाने की मांग की। लोगो से बातचीत के दौरान डीटीपीई अमित मधोलिया ने ग्रीनवुड सिटी में स्टिल्ट पार्किंग के अवैध निर्माण और सड़क पर बने रैंप हटाने की भी चेतावनी दे डाली। हालांकि डीटीपीई से इस बारे में बात नहीं हो पाई है।