NSE IPO के एंकर बुक की मांग उम्मीद से ़ज्यादा: CEO

नवभारत टाइम्स
NSE IPO के एंकर बुक की मांग उम्मीद से ़ज्यादा: CEO
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, मुंबई: नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO आशीष कुमार चौहान ने मंगलवार को कहा कि रिटेल निवेशकों को ध्यान में रखते हुए एनएसई के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए प्राइस बैंड तय किया गया है। देश के सबसे बड़े शेयर बाजार NSE के IPO का प्राइस बैंड उम्मीद से कम रहने की चर्चा के बीच चौहान ने यह बात कही।

चौहान ने कहा कि 22,569 करोड़ रुपये के IPO में ' एंकर बुक ' यानी बड़े निवेशकों की जताई गई प्रतिबद्धता काफी बड़ी है और हमारी उम्मीद से कहीं अधिक है। इससे संस्थागत निवेशकों की मजबूत रुचि का संकेत मिलता है। मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक, गोल्डमैन सैक्स असेट मैनेजमेंट, फ्रैंकलिन टेम्पलटन और फिडेलिटी इंटरनैशनल जैसे दिग्गज निवेशक एंकर बुक में शुरुआती दिलचस्पी दिखाने वालों में शामिल हैं। सूत्रों ने यह भी बताया कि Norges बैंक इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट, आबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (ADIA) और GIC के भी एंकर बुक की बोली में शामिल होने की संभावना है।
NSE का IPO 17 सितंबर को आम जनता के लिए खुलेगा और 21 सितंबर को बंद होगा। शेयर का प्राइस बैंड 1,700 रुपये से 1,785 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। एंकर यानी बड़े निवेशक 16 सितंबर को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे।