सीनियर व डिप्टी मेयर चुनाव में क्या बैकफुट पर रहे केंद्रीय राज्य मंत्री?

नवभारतटाइम्स.कॉम
gurugram municipal corporation election union minister of state rao inderjit singh on the backfoot
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

साउथ हरियाणा के दिग्गज बीजेपी नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह गुड़गांव नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव में पूरी तरह बैकफुट पर नजर आए। राव इंद्रजीत ने इस चुनाव के लिए दो नामों की सिफारिश थी, लेकिन उन पर विचार नहीं किया गया।
बता दें कि राव इंद्रजीत का अभी तक गुड़गांव और मानेसर नगर निगम में मेयर बनाने में पूरा दबदबा रहा है। मानेसर में तो पूरी सरकार के समर्थन के बाद बीजेपी के मेयर प्रत्याशी चुनाव नहीं जीत पाए थे जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री के समर्थन से निर्दलीय लड़कर मेयर चुनाव जीत गईं, हालांकि बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गई थीं।

पार्टी के कार्यक्रमों में न जाना तो वजह नहीं: सूत्र बताते हैं कि साेमवार को सेक्टर-18 हिपा में हुए सीनियर डिप्टी और डिप्टी मेयर के चुनाव में केंद्रीय राज्य मंत्री की ओर से पार्षद आरती यादव और दलीप सहानी का नाम भेजा गया था, लेकिन पर्ची पार्षद अनूप सिंह के नाम की निकली। उन्हें विधायक मुकेश शर्मा का भी समर्थन रहा। राजनीतिक जानकार राव इंद्रजीत सिंह और उनकी टीम के रेवाड़ी, बावल और महेंद्रगढ़ में पिछले दिनों हुए कार्यक्रमों में गैरहाजिर रहने को भी इससे जोड़कर देख रहे हैं। वहीं, सेक्टर-29 में हुए पंजाबी बिरादरी के कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के सामने खुलकर अपनी नाराजगी जताने की बात भी इस चुनाव से जोड़कर देखी जा रही है। हिपा में इस चुनाव के दौरान कुलदीप यादव के नाम का एक पार्षद ने समर्थन किया, लेकिन राव नरबीर ने इशारा करके पार्षद को बैठा दिया।

छोड़ना होगा फाइनैंस कमिटी सदस्य का पद: अब जब अनूप सिंह डिप्टी मेयर चुने गए हैं तो उन्हें फाइनैंस कमिटी के सदस्य का पद छोड़ना होगा। इस पद के लिए भी कई दावेदार सामने आ रहे हैं। मेयर राजरानी मल्होत्रा ने बताया कि फाइनैंस कमिटी के सदस्य का चयन जल्द ही कर लिया जाएगा।