बाज़ार 5 महीने के निचले स्तर पर

नवभारत टाइम्स
stock market sees huge fall sensex down 778 points nifty at 5 month low
NBT रिपोर्ट, मुंबई: कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की बढ़ती कीमतों, वैश्विक बाजारों में कमजोरी और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से मंगलवार को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 778 अंक टूटकर तीन महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी 279 अंक फिसलकर पिछले पांच महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान आईटी शेयरों को छोड़कर लगभग सभी सेक्टर्स के शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली। कच्चा तेल (ब्रेंट क्रूड) 1.89 % उछलकर 107.7 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

सेंसेक्स 777.94 अंक (1.04%) टूटकर 74,003.82 के तीन महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी 279.50 अंक (1.19%) गिरकर 23,118.60 पर बंद हुआ। यह 6 अप्रैल के बाद का इसका सबसे निचला बंद स्तर है। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) के शेयर सबसे ज्यादा 6 फीसदी टूटे। बीएसई मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स 2.50 फीसदी और स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स 2.41 फीसदी टूट गया। सेक्टर के हिसाब से देखें तो कैपिटल गुड्स में 4.19% और रियल्टी में 3.93% की भारी गिरावट आई। इंडस्ट्रियल्स (3.57%), सर्विसेज (3.03%), पावर (2.80%) और इंश्योरेंस (2.71%) का नंबर रहा।