मक्का में हमला रेड लाइन क्यों?

नवभारतटाइम्स.कॉम
attack on mecca saudi arabias red line crossed accusations against houthi rebels
n एपी/एएफपी, कायरो

इस्लाम के सबसे पवित्र शहर मक्का को लेकर सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव तेजी से बढ़ गया है। सऊदी अरब ने ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर मक्का की ओर ड्रोन भेजने की कोशिश का आरोप लगाया है। सऊदी अरब ने मक्का में हमले को अपनी ‘रेड लाइन’ बताया है, लेकिन हूती विद्रोहियों ने हमले से इनकार किया है। कहा, हमने कोई हमला नहीं किया है। सऊदी अरब वही पुराना घिसा-पिटा इल्जाम हमपर लगा रहा है। हूती विद्रोहियों की समाचार एजेंसी SABA के मुताबिक, संगठन से मक्का या अन्य पवित्र स्थलों को कोई खतरा नहीं है।
सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, ड्रोन को मक्का के एयर स्पेस में प्रवेश करने से पहले ही नष्ट कर दिया गया। सऊदी अरब ने मंगलवार को मक्का और देश के दूसरे सबसे बड़े शहर जेद्दाह समेत कई इलाकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किए। मक्का वह शहर है जहां मुसलमानों के लिए पवित्र धार्मिक स्थल काबा मौजूद है। काबा की तरफ ही मुंह करके दुनियाभर का मुसलमान रोज़ाना पांच वक्त की नमाज अदा करता है। ये ही वजह है कि 57 से ज्यादा मुस्लिम देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन ने भी पवित्र स्थलों की पवित्रता के उल्लंघन की कोशिश की निंदा की है।