Bumper Jobs In Semiconductor Sector Ashwini Vaishnav Reveals Future Path
सेमीकंडक्टर सेक्टर में जॉब के अवसर: अश्विनी वैष्णव
नवभारत टाइम्स•
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : यशोभूमि में चल रहे सेमीकॉन इंडिया 2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को भारत के सेमीकंडक्टर मिशन की तस्वीर निवेश, मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई चेन और ग्लोबल पार्टनरशिप के रूप में सामने आई। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जापानी पवेलियन का दौरा किया और कहा कि सेमीकॉन में 30 से ज्यादा देश हिस्सा ले रहे हैं।
वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर सेक्टर में युवाओं के लिए बड़ी संख्या में हाई-स्किल रोजगार के अवसर बन रहे हैं। उन्होंने एनआईटी राउरकेला के छात्रों की ओर से तैयार सेमीकंडक्टर चिप भी दिखाई। यह चिप भारत सेमीकंडक्टर मिशन के टैलेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत विकसित की गई है और छात्रों ने इसका प्रेजेंटेशन प्रधानमंत्री के सामने भी दिया था। एनआईटी राउरकेला के दो स्वदेशी आईसी डिजाइन सेमीकॉन में प्रदर्शित किए गए हैं।दूसरे दिन उद्योग की ओर से भी भारत के चिप मिशन को लेकर कई अहम बातें सामने आईं। टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के एमडी एवं सीईओ रणधीर ठाकुर ने कहा कि सेमीकंडक्टर एक कार्ययोजना आधारित यात्रा है और सेमीकॉन 2.0 की नीतिगत निरंतरता महत्वपूर्ण है। कंपनी गुजरात के धोलेरा में 300 एमएम फैब और असम के जागीरोड में ओएसएटी सुविधा पर काम कर रही है।