In Protest Of Upi Fees Digital Rupee Will Become The New Brother Relief In Large Amount Transfers
UPI का भाई
नवभारतटाइम्स.कॉम•
UPI पर कारोबारियों के लिए फीस लगाने का विरोध हो रहा है। अब रिजर्व बैंक को डिजिटल रुपये का इस्तेमाल बढ़ाने में मदद मिल सकती है। खासकर जहां बड़ी रकम का ट्रांसफर किया जाना हो। कारोबारी इसमें शिफ्ट होकर पैसे बचा सकते हैं, क्योंकि डिजिटल रुपया फिलहाल मुफ्त है। इसके कारण यूपीआई पर बढ़ता दबाव भी कम होगा।
आने वाले समय में हमारे फोन में दोनों का इंतजाम हो सकता है। भारत में यूपीआई और CBDC, दोनों प्रणालियां साथ-साथ मौजूद रह सकती हैं। डिजिटल रुपये को फिलहाल सेंट्रल बैंक डिजिटल करंसी (CBDC) के नाम से पेश किया गया है। यह आम लोगों को पैसे सीधे डिजिटल वॉलेट में रखने की सुविधा देता है। हर लेन-देन को बैंक के माध्यम से करना आवश्यक नहीं रहता। इसे एक वॉलेट से दूसरे वॉलेट में तुरंत और मुफ्त ट्रांसफर किया जा सकता है। कुछ मामलों में यह ऑफलाइन लेन-देन भी संभव बना सकता है, जो विशेष रूप से कमजोर इंटरनेट कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में उपयोगी है। यह सुविधा है कि किसी भी UPI QR कोड को स्कैन करें और डिजिटल रुपये में भुगतान करें। केवल मोबाइल नंबर का उपयोग करके किसी भी वॉलेट वाले व्यक्ति को डिजिटल रुपया भेज सकते हैं। UPI अधिकांश दैनिक लेन-देन के लिए उपभोक्ताओं की पहली पसंद बना रहेगा। भले ही उसके लिए चार्ज देना पड़े। दूसरी ओर, CBDC वित्तीय प्रणाली में धीरे-धीरे एक नई परत जोड़ देगा। उदाहरण के लिए, सरकार सब्सिडी को डिजिटल रुपये के रूप में जारी कर सकती है, जिसमें कुछ शर्तें जुड़ी हों। इससे कल्याणकारी योजनाओं में होने वाली हेराफेरी को काफी हद तक कम किया जा सकता है। दिल्ली में महिला लक्ष्मी योजना में 1000 रुपये हर महीने डिजिटल रुपया वॉलेट में ही मिलेंगे। कुछ दिन पहले देश में पहली बार डिजिटल रुपया आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली की शुरुआत की गई।भारत में कभी-कभी ऐसे मामले सामने आए हैं, जब UPI सेवाओं में बाधा आई। यहां ऑफलाइन सुविधाओं वाला CBDC एक विकल्प के रूप में काम कर सकता है। चीन में डिजिटल युआन को मौजूदा मोबाइल पेमेंट सिस्टम के साथ-साथ लागू किया जा रहा है। दुनिया भर में इसी तरह की केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्राओं को आजमाया गया है, लेकिन अब तक उन्हें कम सफलता मिली है। भारत के शुरुआती प्रयास चीन की तुलना में मामूली हैं। फिलहाल इसकी 1100 करोड़ से ज्यादा रिटेल वैल्यू है। लेकिन, इसे हिट कराने का इंतजाम शुरू हो चुका है।