Noidas Safe City Project 2200 New Cameras And A New Control Room To Make The City High tech
सेफ सिटी परियोजना में बनेगा एक और कंट्रोल रूम
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नोएडा
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण की सेफ सिटी परियोजना अब आगे बढ़ रही है। इसके लिए सेक्टर-94 स्थित कंट्रोल रूम में ही एक अलग से कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। यह नया कंट्रोल रूम केवल इस प्रॉजेक्ट की निगरानी करेगा और शहर में लगने वाले 2200 कैमरों की पल-पल की सूचना पर नजर रखेगा। 217 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत शहर में करीब 2200 अत्याधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही सोसायटियों, मकान, दुकान, अस्पताल, स्कूल-कॉलेज, मॉल, बाजार और औद्योगिक-व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पहले से लगे 20 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों को भी एकीकृत नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। इसकी प्री बिड बैठक में 130 कंपनियों ने आवेदन किया है, जो अपने आप में रेकॉर्ड है। प्री बिड में आमतौर पर इतनी कंपनियां भाग नहीं लेती। कंपनियों ने परियोजना की तकनीकी जरूरतों, पात्रता, काम के दायरे और समयसीमा को लेकर सवाल और सुझाव रखे। सेफ सिटी परियोजना के तहत सेक्टर-94 में मौजूदा इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के ऊपर नया कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसे मौजूदा कंट्रोल रूम और पुलिस मुख्यालय से जोड़ा जाएगा। किसी संदिग्ध गतिविधि या घटना की जानकारी मिलने पर संबंधित थाना, चौकी और डायल-112 टीम तक सूचना पहुंचाने की व्यवस्था होगी।