चीनी के घटे दाम का लाभ ग्राहकों को दें व्यापारी: केंद्र

नवभारत टाइम्स
चीनी के घटे दाम का लाभ ग्राहकों को दें व्यापारी: केंद्र
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : सरकार ने चीनी के दाम में कमी और त्योहारों से जुड़ी जरूरत को देखते हुए हर महीने 10 टन से ज्यादा खपत करने वाले बड़े उपभोक्ताओं के लिए भंडारण सीमा में राहत दी। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि बल्क कंस्यूमर्स अब 15 के बजाय 30 दिनों की अपनी जरूरत के लिए भंडारण कर सकेंगे। इसमें शर्त जोड़ी गई है कि वे 15 दिनों से अधिक की जरूरत की चीनी विशुद्ध रूप से उस आयातित चीनी से लेंगे, जो अडवांस ऑथराइजेशन स्कीम और टैरिफ रेट कोटा के तहत आयात की गई हो। मंत्रालय ने कहा कि अगस्त में ऊंचे स्तर से चीनी का दाम अब करीब 10% तक नीचे आ चुका है। उसने कहा कि ट्रेडर्स, होलसेलर्स और रिटेलर्स को एक्स-मिल प्राइस घटने का फायदा उपभोक्ताओं को देना चाहिए।

मंत्रालय ने कहा कि बल्क कंस्यूमर्स के लिए ओपन मार्केट से खरीद के लिए स्टॉकहोल्डिंग लिमिट 15 दिनों की ही रहेगी। उसने कहा कि बल्क कंस्यूमर्स ने त्योहारी सीजन की जरूरत को देखते हुए भंडारण सीमा में छूट का अनुरोध किया था।